Chhatisgarh Samachar : ’कोण्डागांव, 28 अक्टूबर 2026
’शासन द्वारा श्रमिकों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार श्रमिकों और उनके आश्रित परिवारों को विपरीत परिस्थितियों में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। शासन की इन कल्याणकारी पहलों का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में सहारा प्रदान करना और उनकी आर्थिक सुरक्षा को मजबूत बनाना है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत जिले के एक दिवंगत निर्माण श्रमिक के परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इस सहायता से कठिन परिस्थिति का सामना कर रहे परिवार को आर्थिक संबल मिला है।
’सड़क दुर्घटना में हुआ था श्रमिक का असामयिक निधन’
ग्राम सातगांव, नानीपदर, पोस्ट सातगांव, तहसील कोण्डागांव निवासी श्री धनेश बघेल, श्रम विभाग में इलेक्ट्रीशियन के रूप में पंजीकृत निर्माण श्रमिक थे। उनका श्रमिक पंजीयन क्रमांक 481493749 था। कार्यस्थल से घर लौटने के दौरान सड़क दुर्घटना में उनका असामयिक निधन हो गया।ऐसी परिस्थितियों में निर्माण श्रमिकों के पंजीकृत परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। योजना के अंतर्गत पात्रता एवं आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण होने के बाद श्री धनेश बघेल की पत्नी एवं उत्तराधिकारी श्रीमती शारदा बघेल को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
’श्रमिक परिवारों की सुरक्षा के लिए संचालित हैं कल्याणकारी योजनाएं’
निर्माण श्रमिकों का कार्य विभिन्न जोखिमों से जुड़ा होता है। ऐसे में श्रमिक या परिवार के कमाऊ सदस्य की असामयिक मृत्यु की स्थिति में आश्रितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना उनके जीवन को संबल देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाती है, जिससे संकट की घड़ी में परिवार को आर्थिक सहारा मिल सके। छत्तीसगढ़ शासन एवं श्रम विभाग द्वारा निर्माण श्रमिकों और उनके आश्रित परिवारों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। विभाग ने श्रमिकों से अपील की है कि वे छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में अपना पंजीयन अद्यतन रखें तथा योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी संबंधित श्रम कार्यालय से प्राप्त करें, ताकि पात्रता के अनुसार शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लिया जा सके।















