Nepal Plane Incident : नेपाल में गुरुवार सुबह एक निजी एयरलाइन का विमान बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गया. ‘सीता एयरलाइंस’ का विमान नेपालगंज से उड़ान भरकर डोल्पा जिले के जुफाल हवाई अड्डे पर लैंड कर रहा था. विमान का लैंडिंग के दौरान पिछला दायां पहिया अचानक निकल गया. पहिया निकलते ही विमान रनवे पर अनियंत्रित होकर घिसटने लगा. हालांकि, पायलट ने बिना वक्त गंवाए तुरंत इंजन बंद कर दिया, जिससे विमान में आग लगने या पलटने जैसी कोई अनहोनी नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया.
7 विदेशी नागरिकों समेत 16 लोग थे सवार
डोल्पा जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी अनिल राज गिरी के अनुसार, विमान में 13 यात्री और 3 क्रू मेंबर्स समेत कुल 16 लोग सवार थे. इन यात्रियों में सात विदेशी नागरिक भी शामिल थे. स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 8:25 बजे हुई इस घटना में राहत की बात यह रही कि सभी यात्री और चालक दल पूरी तरह सुरक्षित हैं. विमान के मुख्य ढांचे को भी कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है.
एयरपोर्ट पर उड़ानें ठप, नेपाली सेना का प्लेन भी लौटा
हादसे के बाद विमान रनवे पर ही फंस गया, जिसके चलते जुफाल हवाई अड्डे पर सभी उड़ानों का संचालन फौरन रोक दिया गया है. इस अफरा-तफरी के कारण वहां लैंड करने आ रहे नेपाली सेना के एक विमान को भी हवा से ही वापस लौटना पड़ा.
Nepal Plane Incidentरनवे को साफ करने और हवाई पट्टी की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है. फंसे हुए प्लेन को हटाने और एयरपोर्ट पर सामान्य परिचालन बहाल करने के लिए हेलीकॉप्टर के जरिए तकनीशियनों की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है.














