छत्तीसगढ़ में मौसम लगातार करवट ले रहा है। कई जिलों में शीतलहर और ठंड का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है। विशेषकर रायगढ़ जिले में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। न्यूनतम तापमान गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी की ओर आदेश जारी किया गया है। जिसमें कहा गया है कि वर्तमान में चल रही शीत लहर को ध्यान में रखते हुए शालाओं के में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। दो पालियों में संचालित स्कूलों में प्रथम पाली की कक्षाएं सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और द्वितीय पाली की कक्षाएं दोपहर 12:15 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित होंगी।
वहीं, एक पाली में संचालित स्कूलों का समय सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। यह आदेश 17 जनवरी तक लागू रहेगा।
बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
अधिकारियों ने बताया कि ठंड और कोहरे की स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम सामान्य होते ही स्कूल समय की पुन: समीक्षा की जाएगी। स्कूल प्रबंधन को छात्र उपस्थिति, कक्षाओं की निरंतरता और दैनिक शिक्षण कार्य को नए समय अनुसार व्यवस्थित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।












