जम्मू-कश्मीर में शनिवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। कश्मीर घाटी के कई हिस्सों में रहने वाले लोगों ने हल्के झटके महसूस होने की बात कही है, हालांकि अभी तक किसी तरह के नुकसान या चोट की कोई तत्काल रिपोर्ट नहीं मिली है। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के बदाखशान क्षेत्र के ज़ायबक में था। अफगानिस्तान में भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.0 मापी गई। भूकंपीय आंकड़ों के अनुसार, यह भूकंप सुबह करीब 8:24 बजे आया। यह जमीन की 190 किलोमीटर की गहराई पर था।
भूकंप से कोई नुकसान नहीं
कश्मीर घाटी में भूकंप के झटके लगने से लोग घरों से बाहर निकल गए। हालांकि भूकंप से किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। शनिवार सुबह कई स्थानीय लोगों को घरों को बाहर देखा गया और भूकंप के झटके के काफी देर बाद लोग घरों में गए।
मार्च में भी आया था भूकंप
इससे पहले मार्च महीने में जम्मू कश्मीर के पर्वतीय जिले डोडा में 4.2 तीव्रता का भूकंप आया था। भूकंप से कहीं भी किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली। भूकंप के झटके देर रात एक बजकर 25 मिनट पर महसूस किए गए थे। मौसम अधिकारी ने बताया कि भूकंप का केंद्र पृथ्वी की सतह से पांच किलोमीटर नीचे 33.08 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 76.17 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था।















