राजधानी में अवैध डीजल-पेट्रोल के काले कारोबार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया, उमेश साव, रामजी यादव और धर्मेंद्र साव को गिरफ्तार किया है। आरोपी कान्हा ढाबा के पीछे ईपी रोलिंग मिल के पास भारी मात्रा में पेट्रोल और डीजल का अवैध भंडारण कर उसकी रीसेलिंग और कटिंग का कारोबार कर रहे थे। थाना कबीर नगर पुलिस ने दबिश देकर 14,100 लीटर अवैध ईंधन, एक टैंकर, नकदी और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 35 लाख 45 हजार 770 रुपये आंकी गई है।
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कबीर नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक गिरोह बड़े पैमाने पर अवैध डीजल और पेट्रोल का कारोबार संचालित कर रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर कान्हा ढाबा के पीछे स्थित ईपी रोलिंग मिल के पास दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस और दस्तावेज के ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण कर रहे थे। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए काफी मात्रा में ईंधन रखा गया था, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
टैंकर में मिला 12 हजार लीटर डीजल
पुलिस ने मौके से आठ ड्रमों में भरा 1,600 लीटर पेट्रोल, तीन ड्रमों में 500 लीटर डीजल और टैंकर में भरा 12,000 लीटर डीजल बरामद किया। इसके अलावा एक लाख 30 हजार रुपये नकद, एक मोटर पंप, दो कीप और एक कटिंग ड्रम भी जब्त किया गया।
पहले भी दर्ज हैं मामले
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में थाना उरला और आमानाका क्षेत्र में भी इसी प्रकार के अवैध तेल कारोबार में पकड़े जा चुके हैं। उनके खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध ईंधन कहां से लाया जाता था और किन लोगों को इसकी आपूर्ति की जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपी
ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया (38), निवासी उरला, रायपुर
उमेश साव (55), निवासी बीरगांव, रायपुर
रामजी यादव (45), निवासी छावनी, दुर्ग
धर्मेंद्र साव (45), निवासी खुर्सीपार, दुर्ग













