रायगढ़। जिले में आज आए तेज अंधड़ और तूफानी हवाओं ने एक बड़ा हादसा कर दिया। माँ लक्ष्मी प्लांट की बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और तेज अंधड़ के साथ धूलभरी हवाएं चलने लगीं। देखते ही देखते प्लांट की एक बड़ी दीवार तेज हवा के दबाव को सहन नहीं कर सकी और जोरदार आवाज के साथ ढह गई। दीवार गिरते ही वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
*स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू*
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला। सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया। वहीं दो अन्य घायलों का इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

*मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू*
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दीवार की मजबूती और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
*बारिश-अंधड़ के बीच सतर्क रहने की अपील*
मौसम विभाग द्वारा भी तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान कमजोर दीवारों, पेड़ों और जर्जर संरचनाओं के आसपास नहीं रुकने की अपील की है।













