जून का महीना खत्म होने को है और जुलाई के आते ही कई जरूरी नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं. ये बदलाव आम आदमी के बजट और बैंकिंग कामकाज से जुड़े हैं. अगर आप भी जानना चाहते हैं कि 1 तारीख से आपकी जिंदगी में क्या-क्या बदलने वाला है, तो यह रिपोर्ट जरूर पढ़ें.
क्या फिर महंगा होगा गैस सिलेंडर ?
तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं. हाल के समय में अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण ईंधन की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या 1 जुलाई को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ते हैं या राहत मिलती है.
आधार कार्ड में ईमेल अपडेट करना हुआ मुफ्त
UIDAI ने आधार कार्ड को लेकर एक राहत भरी खबर दी है. 1 जुलाई से आप अपने आधार कार्ड में अपनी ईमेल आईडी मुफ्त में अपडेट करवा सकते हैं. इसके लिए सरकार ने 6 महीने (जुलाई से दिसंबर तक) का समय दिया है. पहले इस सुविधा के लिए 75 रुपये का शुल्क देना पड़ता था, जो अब नहीं देना होगा.
ATF, CNG और PNG की कीमतों में बदलाव
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर एयर टरबाइन फ्यूल (ATF), सीएनजी (CNG) और पीएनजी (PNG) की कीमतों पर पड़ रहा है. सरकार पीएनजी के इस्तेमाल को बढ़ावा दे रही है, इसलिए जुलाई में इन ईंधन की कीमतों में बदलाव की पूरी संभावना है. इसका सीधा असर आपके यात्रा खर्च और रसोई के बजट पर पड़ सकता है.
रेलवे यात्रियों के लिए बदलेगा नियम
इंडियन रेलवे अपनी सेवाओं को अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सख्त कदम उठा रहा है. 1 जुलाई से बिना टिकट यात्रा करने पर लगने वाला जुर्माना 250 रुपए से बढ़ाकर 500 रुपए तक किया जा सकता है. दूसरे के नाम पर टिकट लेकर यात्रा करना, ट्रेन में हंगामा करना, भीख मांगना या अवैध रूप से सामान बेचना भी आपको भारी जुर्माना लग सकता है. महिलाओं के लिए आरक्षित कोच या सीट पर यात्रा करने वाले पुरुषों पर 2500 रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है. ट्रेन में प्रतिबंधित या खतरनाक सामान ले जाते हुए पकड़े जाने पर कम से कम 10000 रुपए का जुर्माना भरना पड़ सकता है.
HDFC बैंक के क्रेडिट कार्ड नियमों में सख्ती
अगर आप HDFC रेगैलिया गोल्ड क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए है. 1 जुलाई से एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस के नियम बदल रहे हैं. अब फ्री लाउंज सुविधा पाने के लिए आपको पिछली तिमाही में कम से कम 60 हजार रुपये खर्च करने होंगे. यह बदलाव उन लोगों के लिए है जो मुख्य रूप से यात्रा के फायदों के लिए कार्ड का इस्तेमाल करते हैं.
जुलाई में 12 दिन बंद रहेंगे बैंक
जुलाई का महीना छुट्टियों के लिहाज से व्यस्त रहने वाला है. देशभर में अलग-अलग त्योहारों और क्षेत्रीय छुट्टियों की वजह से बैंक कुल 12 दिन बंद रह सकते हैं. इसमें 6 साप्ताहिक छुट्टियां (रविवार और दूसरा/चौथा शनिवार) शामिल हैं. आपको सलाह दी जाती है कि बैंक से जुड़ा कोई भी जरूरी काम छुट्टियों की लिस्ट देखकर ही प्लान करें.














