बिलासपुर में सिविल लाइन पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में दो महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 6.25 लाख रुपए का गांजा जब्त किया गया है। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए अपने साथ 5 साल के बच्चे को रखा था
पुलिस को उसलापुर रेलवे स्टेशन स्थित लोको पायलट प्रशिक्षण केंद्र के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। बताया गया था कि दो महिलाएं और एक पुरुष आसमानी रंग का ट्रॉली बैग लिए हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तलाशी ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के झारसुगुड़ा निवासी प्रकाश नायक उर्फ पप्पू (41) और नेहा सिंह (34) के रूप में हुई है। तीसरी आरोपी जांजगीर-चांपा जिले की अर्चना सिंह (27) है। पुलिस को पहले ही आरोपियों के हुलिए और उनके साथ एक बच्चे के होने की जानकारी मिल चुकी थी।
ट्रॉली बैग से मिला गांजा
इस जानकारी के आधार पर उस्लापुर रेलवे स्टेशन के लोको पायलट प्रशिक्षण केंद्र के पास दबिश दी गई। वहां बताए गए हुलिए के व्यक्ति, दो महिलाएं और एक बच्चा आसमानी ट्रॉली बैग के साथ आते दिखे। ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर उसमें खाकी रंग के प्लास्टिक टेप से लिपटे गांजे के 11 पैकेट मिले।
12.405 किलो गांजा जब्त
कुल 12.405 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। बच्चे को बाल संप्रेक्षण गृह में भेज दिया गया है।














