मध्यप्रदेश के उज्जैन-बदनावर फोरलेन पर सड़क हादसे में मौके पर छह युवकों की मौत हो गई है। गुजरात पासिंग मारुति ईको वैन क्रमांक (GJ-17 CA-6134) सवार युवक वडोदरा जा रहे थे। सामने रॉन्ग साइड से ट्राला क्रमांक (GJ-39 DB-9248) उज्जैन की ओर आ रहा था। ग्राम पंचकवासा के पास ट्रॉले ने ईको वैन को जोरदार टक्कर मारी।
हादसे में मौके पर ही ईको वैन में सवार छह युवकों की मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ईको वैन के परखच्चे उड़ गए। घटना दोपहर करीब 1 बजे के आसपास की बताई जा रही है। वैन सवार सभी युवक उज्जैन से महाकाल के दर्शन कर लौट रहे थे।
ग्राइंडर से काटकर वैन से शवों को बाहर निकाला
घटना की जानकारी मिलते ही बदनावर थाना टीआई अमित सिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से वैन में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। वहीं, जबकि दो शवों को वैन का कुछ हिस्सा ग्राइंडर से काटकर निकाला गया।
ट्रॉले में लोहे का सामान, ड्राईवर मौके से फरार
पुलिस ने ट्रॉले की जांच की तो उसमें लोहे का सामान लदा था। हादसे के बाद ट्रॉले का ड्राइवर मौके से फरार हो गया था। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम प्रियंका मिमरोद भी मौके पर पहुंचीं।
पुलिस ने संपर्क कर परिजनों को दी मौत की सूचना
मृतकों के पास से मिले दस्तावेज के आधार पर पुलिस ने उनके परिजनों से संपर्क किया है। पंचनामा बनाकर सभी शवों को बदनावर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। परिजनों के शिनाख्त करने के बाद उनका पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।














