Raigarh News : *रायगढ़, 17 सितंबर 2026* । जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के खाद्यान्न में गड़बड़ी और शासकीय खाद्यान्न के गबन के मामलों में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम ससकोबा एवं गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों में खाद्य विभाग की जांच के दौरान बड़ी मात्रा में चावल, शक्कर एवं नमक की कमी सामने आने पर चौकी रैरूमाखुर्द (थाना धरमजयगढ़) में दोनों प्रकरणों में अपराध दर्ज किए गए हैं।

Read More : Manipur news: मणिपुर में फिर बढ़ी हिंसा, 4 दिन में 6 हत्याएं : 7 दिन से स्कूल-बाजार बंद
विदित हो कि धरमजयगढ़ तहसील के ससकोबा की उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 की 03 सितंबर 2026 को खाद्य विभाग की जांच में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर एवं 8.03 क्विंटल नमक, कुल करीब ₹12,89,375 का खाद्यान्न कम पाया गया था। जांच में अगस्त माह में हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगर लगवाने के बाद भी राशन वितरण नहीं किए जाने की बात सामने आई। मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया एवं विक्रेता बिहारी राठिया के विरुद्ध अपराध क्रमांक 288/2026 धारा 3, 7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया, जिसमें 12 सितंबर 2026 को उमाबाई राठिया एवं माधुरी बाई राठिया को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा जा चुका है, विक्रेता बिहारी राठिया फरार है।
इसी प्रकार ग्राम गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 की जांच में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर एवं 31.98 क्विंटल नमक, कुल करीब ₹18,86,345 का खाद्यान्न कम पाया गया। जांच में दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान एवं विक्रेता शाहनवाज उर्फ मौसम खान पिता याकुब खान, उम्र 49 वर्ष, निवासी पीपरमार थाना धरमजयगढ़ द्वारा किया जाना पाया गया। खाद्य विभाग के जांच प्रतिवेदन एवं पंचनामा के आधार पर चौकी रैरूमाखुर्द में तीनों आरोपियों पर अपराध क्रमांक 289/2026 धारा 3, 7 ई.सी. एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी शहनवाज खान सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में भर्ती होकर उपचार करा रहा है। चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द उप निरीक्षक इगेश्वर यादव द्वारा आरोपी की लगातार पतासाजी कराई जा रही थी। इसी दौरान आरोपी के गांव में देखे जाने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर शाहनवाज उर्फ मौसम खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।

Read More : NSE IPO 2026: आज से ओपन हुआ NSE का IPO; ₹1,700-1,785 प्राइस बैंड, GMP में 43% गिरावट से बदला माहौल
दोनों प्रकरणों में ससकोबा उचित मूल्य दुकान के विक्रेता बिहारी राठिया तथा गनपतपुर दुकान की अध्यक्ष रूबीना खान एवं सचिव शाहिन खान की गिरफ्तारी शेष है।















