Cg News : नारायणपुर, 29 सितम्बर 2026
जिला कार्यालय के सभा कक्ष में कलेक्टर श्रीमती नम्रता जैन की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, शासन की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाए। बैठक में सुशासन एवं अभिकरण विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों के राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में विकसित होंगे किचन गार्डन
कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में किचन गार्डन विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों एवं हितग्राहियों को स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक सब्जियों के उत्पादन एवं उपयोग से जोड़ा जा सकेगा। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से इसके लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
पारंपरिक फसलों एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा
बैठक में कोदो, कुटकी एवं कोसरा जैसी पारंपरिक फसलों के उत्पादन, मूल्यवर्धन एवं बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने कृषि विभाग को किसानों को इन फसलों के उत्पादन एवं मूल्यवर्धन से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
पेड़ों की अवैध कटाई पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर ने राजस्व,वन एवं पुलिस विभाग को जिले में पेड़ों की अवैध कटाई पर प्रभावी निगरानी एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध कटाई से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।
पेयजल एवं सड़क कार्यों की नियमित समीक्षा
कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को जिले के गांवों में शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पेयजल संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों को सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।














