वैश्विक बाजारों से मिले मजबूत संकेतों के बीच 27 अप्रैल को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में निफ्टी 24,000 के करीब ट्रेड करता नजर आया। बीएसई सेंसेक्स 378.75 अंक यानी 0.49% चढ़कर 77,042.96 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 भी 112.90 अंक या 0.47% बढ़कर 24,010.85 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
बाजार में कुल मिलाकर तेजी का माहौल रहा। करीब 1896 शेयरों में बढ़त देखने को मिली, जबकि 686 शेयरों में गिरावट रही और 199 शेयरों में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। निफ्टी पर सन फार्मा, अदानी पोर्ट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, इटरनल और जेएसडब्ल्यू स्टील जैसे शेयरों में अच्छी खरीदारी देखी गई। वहीं एक्सिस बैंक, श्रीराम फाइनेंस और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में दबाव नजर आया।
इन शेयरों में दिखी सबसे ज्यादा हलचल
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में सन फार्मा के शेयरों में 4% से ज्यादा की तेजी आई। कंपनी ने जानकारी दी है कि वह अमेरिका की कंपनी ऑर्गन एंड कंपनी का अधिग्रहण पूरी तरह कैश डील में करेगी, जिसकी वैल्यू करीब 11.75 अरब डॉलर आंकी गई है। इसके अलावा अदानी पोर्ट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में भी बढ़त देखने को मिली।
दूसरी ओर एक्सिस बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बजाज फाइनेंस और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे ब्लू-चिप शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जिससे बाजार पर हल्का दबाव बना रहा।
एनएसई में टॉप-5 गेनर स्टॉक्स
| सिंबल | LTP | बदलाव | %बदलाव | वॉल्यूम (लाख) | वैल्यू (₹ करोड़) |
|---|---|---|---|---|---|
| SUNPHARMA | 1,736.00 | 115.60 | 7.13 | 98.34 | 1,679.52 |
| JSWSTEEL | 1,292.70 | 37.00 | 2.95 | 8.57 | 110.34 |
| ADANIPORTS | 1,630.80 | 45.70 | 2.88 | 14.29 | 232.59 |
| KOTAKBANK | 379.75 | 8.90 | 2.40 | 30.77 | 116.24 |
| WIPRO | 203.55 | 4.19 | 2.10 | 89.45 | 181.49 |
एशियाई बाजारों का हाल
एशियाई बाज़ारों में, दक्षिण कोरिया का इंडेक्स कोस्पी, जापान का निक्केई 225 इंडेक्स, शंघाई का एसएसई कम्पोजिट इंडेक्स और हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। शुक्रवार को अमेरिकी बाज़ार ज़्यादातर बढ़त के साथ बंद हुए थे।
रुपया 11 पैसे कमजोर
शुरुआती कारोबार में रुपया 11 पैसे गिरकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.27 पर पहुंचा। सोमवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 11 पैसे कमजोर होकर 94.27 पर आ गया। इसकी मुख्य वजह डॉलर की लगातार मांग और सुरक्षित निवेश की ओर निवेशकों का बढ़ता रुझान था। फॉरेक्स ट्रेडर्स ने बताया कि भारतीय रुपया इस समय मुश्किल दौर से गुजर रहा है। यह लगातार पांच सत्रों से गिर रहा है। इसकी वजह कई कारकों का मेल है, जैसे कि RBI द्वारा मुद्रा नियमों में ढील देना और वैश्विक तनाव के कारण तेल की कीमतों में बढ़ोतरी होना।
इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.25 पर खुला। इसके बाद यह थोड़ा और कमजोर हुआ और शुरुआती कारोबार में 94.27 के स्तर को छू लिया। इस तरह, पिछले बंद भाव के मुकाबले इसमें 11 पैसे की गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 94.16 पर बंद हुआ था। इस बीच, डॉलर इंडेक्स, जो छह मुद्राओं की एक टोकरी के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को मापता है- 0.09 प्रतिशत गिरकर 98.44 पर आ गया।
ब्रेंट क्रूड और FIIs का रुझान
ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 106.6 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने शुक्रवार को 8,827.87 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। शुक्रवार को सेंसेक्स 999.79 अंक या 1.29 प्रतिशत गिरकर 76,664.21 पर बंद हुआ था। निफ्टी 275.10 अंक या 1.14 प्रतिशत गिरकर 23,897.95 पर बंद हुआ था।













